

इत्र एवं फूलों के साथ खेली जाएगी होली, आमगांव में अनोखी परंपरा
आमगांव: स्थानीय गांधी चौक पर अजय खेतान मित्र परिवार द्वारा 13 मार्च को विशेष रूप से होली मनाने का निर्णय लिया गया है। इस आयोजन में शुद्ध गोबर से निर्मित होलिका माता की स्थापना की गई है, जिसे 5100 गोबर के उपलों से सजाया गया है। जिले में इस तरह का अनोखा आयोजन केवल आमगांव में होता है, जिससे यह विशेष महत्व रखता है।
13 मार्च की रात 11:15 बजे इस कार्यक्रम में विद्वान पंडित भीम गौतम एवं अनिल गौतम द्वारा होलिका दहन के महत्व पर विस्तृत संबोधन दिया जाएगा। इसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के बीच होलिका दहन संपन्न होगा।
इत्र और फूलों के साथ होली का अनूठा आयोजन
होलिका दहन के उपरांत भक्तगण इत्र एवं सुगंधित फूलों की वर्षा के साथ होली खेलेंगे। यह परंपरा भक्तों को आध्यात्मिक एवं सात्विक रूप से जोड़ने का एक विशेष प्रयास है।
अजय खेतान मित्र परिवार ने इस धार्मिक एवं अनोखी परंपरा में अधिक से अधिक भक्तों से उपस्थिति की अपील की है, जिससे यह आयोजन भव्य एवं सफल बनाया जा सके।


