
मनोहरभाई पटेल अकॅडमी व दिशा संस्था के संयुक्त तत्वावधान में भव्य आयोजन
गोंदिया: मधुमेह जागरूकता को लेकर एक नई सोच और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मनोहरभाई पटेल अकॅडमी व दिशा संस्था द्वारा आयोजित मधुमेह जागृती मेले ने अपने 25 गौरवशाली वर्ष पूर्ण किए। इस ऐतिहासिक अवसर पर एन.एम.डी. महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में एक भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम का उद्घाटन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्यरत प्रसिद्ध डायबिटीज विशेषज्ञ डॉ. सुनील गुप्ता के करकमलों द्वारा हुआ, जबकि अध्यक्षता पूर्व विधायक श्री राजेंद्र जैन ने की।
डायबिटीज नियंत्रण हेतु 25 वर्षों की समर्पित सेवा:
यह आयोजन डॉ. देवाशीष चटर्जी के मार्गदर्शन में लगातार 25 वर्षों से सफलतापूर्वक आयोजित किया जा रहा है। इस मेले का उद्देश्य मधुमेहियों को न केवल जागरूक करना, बल्कि उन्हें सही जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
विशेषज्ञों का मार्गदर्शन एवं हेल्थ टिप्स:
कार्यक्रम में आहार विशेषज्ञ डॉ. कविता गुप्ता (नागपुर) और उनकी टीम ने डायबिटीज के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने मधुमेह नियंत्रण के लिए उचित आहार, दिनचर्या और शारीरिक गतिविधियों की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर डॉ. कुदळे, विनोद अग्रवाल व दिशा संस्था के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। उन्होंने इस जागरूकता अभियान में अपने योगदान के बारे में जानकारी साझा की।
‘हॅलो डायबिटीज’— देशभर में फैल रही जागरूकता की लहर:
डॉ. सुनील गुप्ता द्वारा संचालित ‘हॅलो डायबिटीज’ अभियान पूरे देश में मधुमेह से जुड़ी जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहा है। इस पहल के माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों में मधुमेह से बचाव और नियंत्रण के उपाय बताए जा रहे हैं।
विशिष्ट जनों का योगदान एवं समापन:
कार्यक्रम का प्रास्ताविक डॉ. देवाशीष चटर्जी ने किया, जिन्होंने मधुमेह जागरूकता अभियान के 25 वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक राजेंद्र जैन ने की और उन्होंने मधुमेह नियंत्रण की दिशा में इस तरह के आयोजनों की महत्ता पर जोर दिया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी विशेषज्ञों और गणमान्य व्यक्तियों ने मधुमेहियों को जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।


