भारतीय नौसेना के सर्जन लेफ्टिनेंट सौम्य असाटी का दुर्घटनाग्रस्त निधन; सैन्य सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार

0
2018
1

INS Delhi पर प्रमुख चिकित्सा अधिकारी के रूप में कार्यरत रहते हुए विशाखापट्टनम में दुर्घटना; आमगांव (महाराष्ट्र) में होगा अंतिम संस्कार

गोंदिया :  भारतीय नौसेना के युद्धपोत INS Delhi पर सर्जन लेफ्टिनेंट (Surg. Lt.) के पद पर कार्यरत सौम्य असाटी (सेवा क्रमांक 76815B) का 14 जून 2025 को विशाखापट्टनम में एक दुखद दुर्घटना में निधन हो गया।

सौम्य असाटी महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के आमगांव निवासी थे और नौसेना में प्रमुख चिकित्सा अधिकारी (Principal Medical Officer) के रूप में सेवा दे रहे थे। उनके निधन की आधिकारिक जानकारी भारतीय नौसेना के लेफ्टिनेंट कमांडर किशनुन्नी टी.एस. द्वारा स्टेशन कमांडर, स्टेशन मुख्यालय, कामठी को एक पत्र के माध्यम से दी गई है।

पत्र के अनुसार, सौम्य असाटी का पार्थिव शरीर वायुयान द्वारा रायपुर (छत्तीसगढ़) लाया जाएगा, जिसके पश्चात उसे उनके पैतृक स्थान आमगांव (महाराष्ट्र) ले जाया जाएगा। वहां सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

इसके लिए कामठी स्थित सैन्य इकाई को आवश्यक प्रबंध और सैन्य विधि अनुसार अंतिम संस्कार की तैयारियाँ करने का निर्देश दिया गया है। कार्यक्रम की समय-सारणी और अन्य व्यवस्थाओं के लिए नौसेना के अधिकारी लेफ्टिनेंट कमांडर वंशज को समन्वय हेतु अधिकृत किया गया है।

सर्जन लेफ्टिनेंट सौम्य असाटी ने अपनी सेवा भावना और चिकित्सकीय दक्षता से भारतीय नौसेना में कम समय में ही विशेष प्रतिष्ठा अर्जित की थी। उनके असामयिक निधन से नौसेना में, साथ ही उनके पैतृक क्षेत्र आमगांव एवं जिले में भी शोक की लहर फैल गई है।

Previous articleसावधान…! क्या पंवार(पोवार) समाज का अस्तित्व संकट में है…?
Next articleरेल्वे सेवांमध्ये सालेकसाला थांबा देण्याची मागणी तीव्र