

रेलवे बोर्ड ने दी हरी झंडी; शीघ्र ही वाया बालाघाट होगा परिचालन शुरू; लंबी समय से लंबित मांग हुई पूरी।
गोंदिया(30 नवंबर) : भारतीय रेलवे, बिलासपुर ज़ोन (दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे) द्वारा इंदौर–नैनपुर पेंचवेली एक्सप्रेस (19343/19344) का विस्तार अब महाराष्ट्र के गोंदिया तक कर दिया गया है। इस ट्रेन विस्तार को रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिल चुकी है और यह शीघ्र ही वाया बालाघाट होते हुए गोंदिया तक अपनी सेवाएं देना शुरू कर देगी।
यह विस्तार बालाघाट और गोंदिया दोनों जिलों के रेल यात्रियों के लिए एक अत्यंत सुविधाजनक विकल्प प्रदान करेगा, जिससे उन्हें देश के महानगरों तक यात्रा करने में आसानी होगी।
संभावित समयसारणी : रेलवे द्वारा जारी आदेश के अनुसार, विस्तृत शेड्यूल जल्द ही जारी होगा, लेकिन आरंभिक विवरण इस प्रकार है:
▪️ ट्रेन 19343 (इंदौर–गोंदिया): इंदौर स्टेशन से दोपहर 13:05 बजे रवाना होगी और विभिन्न स्टेशनों से होते हुए अगले दिन सुबह 11:00 बजे गोंदिया पहुँचेगी।
▪️ ट्रेन 19344 (गोंदिया–इंदौर): गोंदिया से शाम 17:30 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 13:30 बजे इंदौर पहुँचेगी।
मांग पूरी हुई, गोंदिया में ही होगा मेंटेनेंस : भारतीय रेलवे फार्मर डीआरयूसीसी मेंबर एवं भाजपा नेता इंजीनियर जसपाल सिंह चावला ने इस निर्णय पर हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि बालाघाट सांसद श्रीमती भारती पारधी, विभिन्न संघर्ष समितियों और यात्रियों द्वारा इसकी मांग लंबे समय से की जा रही थी।
इंजीनियर चावला ने कहा कि यह विस्तार सैद्धांतिक रूप से भी उचित है, क्योंकि इस गाड़ी का मेंटेनेंस और रखरखाव गोंदिया में ही किया जाएगा। उन्होंने इस सुविधा को महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश दोनों राज्यों के यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
“अंतिम व्यक्ति तक सुविधाओं का विस्तार करना भाजपा सरकार का संकल्प है। इस निर्णय से यह संकल्प साकार हुआ है।”
— इंजीनियर जसपाल सिंह चावला
उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री मा. नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री मा. अश्विनी वैष्णव सहित सभी जनप्रतिनिधियों और रेलवे के अधिकारियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया।






