

▪️प्रथमेश चावके को स्वर्ण, अश्विनीकुमार शुक्ला ने जीता रजत पदक
आमगांव (30 नवंबर) : नागपुर डिस्ट्रिक्ट थाईबॉक्सिंग एसोसिएशन द्वारा आयोजित झोनल थाई-बॉक्सिंग प्रतियोगिता में के.के. इंग्लिश प्राइमरी स्कूल ने अपने कौशल और जज़्बे से शानदार सफलता दर्ज की। इस स्पर्धा में गोंदिया, नागपुर, गडचिरोली, चंद्रपुर तथा वर्धा जिलों के युवा खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें विद्यालय की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 1 स्वर्ण एवं 1 रजत पदक अपने नाम किए।
प्रतियोगिता में प्रथमेश चावके ने बेहतरीन तकनीक व दमखम के दम पर स्वर्ण पदक हासिल किया, वहीं अश्विनीकुमार शुक्ला ने शानदार खेल दिखाते हुए रजत पदक पर कब्ज़ा जमाया। इस उपलब्धि से विद्यालय का गौरव बढ़ा है तथा क्षेत्र में थाई-बॉक्सिंग के प्रति उत्साह की नई लहर पैदा हुई है।
खिलाड़ियों की जीत पर संस्था के कार्यवाह केशवराव मानकर, कार्यकारी डॉ. संघी सर, मुख्याध्यापिका श्रीमती रिना भुते तथा क्रीड़ा शिक्षिका कु. केशवी ब्राह्मणकर ने हर्ष व्यक्त करते हुए विजेताओं को शुभकामनाएं दीं और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






